7k Network

फर्रुखाबाद शहर के विकास की महायोजना तैयार, मुहर का इंतजार


यूपी फर्रुखाबाद। शहर को व्यवस्थित और सुंदरीकरण करने के लिए महायोजना बनकर तैयार हो गई है। नियंत्रक प्राधिकारी बोर्ड ने आंशिक संशोधन के बाद शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। मुख्यमंत्री की मुहर लगते ही शहर में विकास कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

केंद्र सरकार से अमृत योजना के तहत शहर में 2021-2031 महायोजना लागू की गई। जयपुर की अशोका बिल्डकान कंपनी ने महायोजना का नक्शा तैयार किया था। यह नक्शा प्रदर्शित होने के बाद इस पर 3771 आपत्तियां आईं। जून 2022 में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में नियंत्रक प्राधिकारी बोर्ड की बैठक में सुनवाई के बाद आपत्तियों का निस्तारण किया गया।

बोर्ड से प्रस्ताव पास कर शासन को भेज दिया गया था। इसके बाद शासन के निर्देश पर औद्योगिक विकास क्षेत्र सहित कुछ नये बिंदुओं को भी शामिल किया गया। पुरानी महायोजना के सापेक्ष नई महायोजना में 400 हेक्टेयर विकास क्षेत्र बढ़ाया गया है। इसमें 90 हेक्टेयर ग्रीन एरिया शामिल है। इसके अलावा जो मुख्य मार्ग पुराने मानचित्र में नहीं दर्शाए गए थे, उन्हें नये मानचित्र में शामिल किया गया।

सर्वे कंपनी द्वारा बनाए गए नक्शे में सार्वजनिक सुविधा वाले क्षेत्रों में कोई परिवर्तन किए बिना इन्हें सुरक्षित रखा गया है।
सूत्रों के मुताबिक आपत्तियों के बावजूद पार्क, ग्रीन बेल्ट, वाहन स्टैंड, औद्योगिक क्षेत्र, आवासीय क्षेत्र में कोई भी भू-परिवर्तन नहीं किया गया।

महायोजना लागू होने से शहर के निकटवर्ती विनियमित क्षेत्र में शामिल 61 गांवों में भी विकास की गंगा बहने की उम्मीद है। शहर की सड़काें की निर्धारित चौड़ाई होने के साथ जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी और पार्क, औद्योगिक क्षेत्र भी निर्धारित स्थान पर होंगे।

ये भी पढ़ें...

7k Network
7k Network