hallabolnewsliveमितेश कुमार सिन्हा प्रधान संपादक
नई दिल्ली: भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का निधन हो गया है। गुरुवार शाम करीब 8 बजे उन्हें दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। डॉ. मनमोहन सिंह, दो बार देश के प्रधानमंत्री रह चुके हैं। वे लंबे समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। वह कई बार स्वास्थ्य कारणों से अस्पताल में भर्ती कराए जा चुके थे। उधर डॉ. मनमोहन सिंह के निधन की खबर सामने आने के बाद पूरे देश में शोक की लहर देखने को मिल रही है।

जानकारी के अनुसार साल, 2006 में मनमोहन सिंह की दूसरी बार बाईपास सर्जरी हुई थी, जिसके बाद से वह काफी बीमार चल रहे थे। गुरुवार को उन्हें सांस लेने में तकलीफ और बेचैनी के बाद एम्स में भर्ती कराया गया था। उनका जन्म 26 सितम्बर 1932 को पश्चिमी पंजाब के गाह (अब पाकिस्तान) में हुआ था।

सैम पित्रोदा ने मनमोहन सिंह के निधन पर व्यक्त की संवेदना
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के चेयरमैन सैम पित्रोदा ने दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दोस्तों और भारत के लोगों के प्रति मेरी संवेदनाएं। यह एक महान नेता की बड़ी क्षति है, जिन्होंने 10 साल तक भारत के प्रधानमंत्री के रूप में नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि मुझे उनके साथ लगभग 10 साल तक काम करने का मौका मिला, पहले राष्ट्रीय ज्ञान आयोग में और फिर सार्वजनिक सूचना, बुनियादी ढांचे और नवाचार पर।

मनमोहन सिंह ने आर्थिक अवसरों के बीज बोए- पित्रोदा
सैम पित्रोदा ने आगे कहा कि 1991 में पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के फैसले ने भारत में आर्थिक अवसरों के बीज बोए। उन्होंने कहा कि उदारीकरण उनकी नीति की कुंजी थी, बीज काफी समय पहले बोए गए थे। पीढ़ीगत बदलाव लाने के लिए बहुत साहस की आवश्यकता होती है।
मनमोहन सिंह के आवास पहुंचे राहुल और मल्लिकार्जुन खरगे
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के आवास पहुंचे।

आंध्र प्रदेश के सीएम नायडू ने मनमोहन सिंह के निधन पर जताया शोक
पूर्व प्रधानमंंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने गुरुवार को शोक व्यक्त किया। जहां पूर्व प्रधानमंत्री को एक बौद्धिक राजनेता बताते हुए मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि सिंह ने विनम्रता, बुद्धिमत्ता और ईमानदारी को अपना जीवन मंत्र बनाया था।

नायडू ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री और प्रसिद्ध अर्थशास्त्री मनमोहन सिंह जी के निधन से गहरा दुख हुआ है। एक बौद्धिक राजनेता, डॉ. सिंह ने विनम्रता, बुद्धिमत्ता और ईमानदारी को मूर्त रूप दिया। उन्होंने कहा कि 1991 में वित्त मंत्री के रूप में आर्थिक सुधारों से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में अपने नेतृत्व तक, सिंह ने देश की निरंतर सेवा की और लाखों लोगों का उत्थान किया।

सीएम विजयन ने मनमोहन सिंह के निधन पर व्यक्त किया शोक
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने मनमोहन सिंह के धर्मनिरपेक्षता और लोकतंत्र के प्रति समर्पण की सराहना की। विजयन ने एक्स पर पोस्ट किया कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और धर्मनिरपेक्षता और लोकतंत्र के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध एक प्रतिष्ठित राजनेता मनमोहन सिंह जी के निधन से गहरा दुख हुआ।

मनमोहन सिंह के निधन पर ओडिशा के सीएम ने जताया दुख
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता ने देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी। माझी ने कहा कि सिंह “देश के महान सपूत थे और अर्थशास्त्र के क्षेत्र में अपने ज्ञान और कौशल के लिए पूरी दुनिया में सम्मानित थे”।

नवीन पटनायक ने भी जताया दुख
साथ ही ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजद सुप्रीमो नवीन पटनायक ने भी सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि विद्वान और विनम्र नेता को आर्थिक सुधारों के वास्तुकार के रूप में याद किया जाएगा।

मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर उनके आवास पहुंचा
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर गुरुवार देर रात एम्स से उनके आवास पर पहुंचा। यहां जनता उनके अंतिम दर्शन कर सकेगी।
झारखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने जताय दुख
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर झारखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने भी दुख जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि आज हमने देश के एक ऐसे प्रतिष्ठित व्यक्ति को खोया है, जिसकी कमी कभी पूरी नहीं की जा सकती है…उन्होंने (पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह) अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति के लिए लगातार काम किया और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का भी काम किया।
आवास पर लाया जा रहा पूर्व पीएम का पार्थिव शरीर
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर को एम्स से उनके आवास पर ले जाया जा रहा है। भारत सरकार ने कल के लिए निर्धारित सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और 7 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
कांग्रेस पार्टी की तरफ से जारी संदेश में कहा गया, इतिहास डॉ. मनमोहन सिंह को उनके गरिमामय आचरण, जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता, गहन ज्ञान और विनम्रता के लिए हमेशा याद रखेगा। वे आर्थिक सुधारों, राजनीतिक स्थिरता और हर भारतीय के जीवन को बेहतर बनाने के प्रति समर्पण की विरासत छोड़ गए हैं।’
पार्टी ने कहा, पहले एक टेक्नोक्रेट के रूप में और फिर भारत के प्रधानमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल सामाजिक कल्याण पर ध्यान केंद्रित करने वाली आर्थिक समृद्धि और विश्व मानचित्र पर भारत की स्थिति को मजबूत करने के लिए याद किया जाएगा।

कांग्रेस सात दिन तक नहीं करेगी कार्यक्रम
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के सम्मान में, स्थापना दिवस समारोह सहित भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सभी आधिकारिक कार्यक्रम अगले सात दिन के लिए रद्द कर दिए गए हैं।
सरकारी कार्यक्रम रद्द, पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
केंद्र सरकार के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार को होने वाले सभी सरकारी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के सौतेले भाई अमृतसर से दिल्ली जा रहे
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के सौतेले भाई सुरजीत सिंह कोहली ने कहा, उन्हें अपने भाई के निधन की खबर मिली है। वे दिल्ली जा रहे हैं। कोहली ने फोन पर बताया कि वह दिल्ली जा रहे हैं।

कांग्रेस पार्टी के सभी कार्यक्रम रद्द
कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर कहा, ‘हमने एक महान नेता, भारत के पूर्व प्रधानमंत्री को खो दिया है… हमने कल ‘जय बापू, जय भीम, जय संविधान’ रैली का आयोजन किया था। हमारे सभी प्रमुख नेता दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।’ उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी कार्यक्रम रद्द हो चुके हैं।
पीएम नरेंद्र मोदी ने दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन को याद करते हुए लिखा,” पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी उन बिरले राजनेताओं में से एक थे, जिन्होंने शिक्षा और प्रशासन के क्षेत्र दोनों में समान सहजता से काम किया. सार्वजनिक पदों पर अपनी अलग-अलग भूमिकाओं में काम करते हुए उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था में सुधार में अहम भूमिका निभाई.”

राष्ट्रपति मुर्मू ने लिखा, ” उन्हें (मनमोहन सिंह) राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा, बेदाग राजनीतिक जीवन और बेहद विनम्रता के लिए हमेशा याद किया जाएगा. उनका निधन हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है.’ मैं भारत के सबसे महान सपूतों में से एक को आदरपूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं और उनके परिवार,दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं. ”

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई बड़े नेताओं ने श्रद्धांजलि दी.

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा है, ”भारत ने अपने सबसे सम्मानित नेताओं में से एक डॉ. मनमोहन सिंह जी को खो दिया है. साधारण पृष्ठभूमि से उठकर उन्होंने एक सम्मानित अर्थशास्त्री के रूप में अपनी पहचान बनाई. उन्होंने वित्त मंत्री सहित सरकार के कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दीं और हमारी आर्थिक नीति पर गहरी छाप छोड़ी. प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए बहुत प्रयास किए.”

उन्होंने लिखा है, ”डॉ. मनमोहन सिंह जी और मेरे बीच नियमित बातचीत होती थी जब वो प्रधानमंत्री थे और मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था. हम शासन से जुड़े कई विषयों पर विस्तार से चर्चा करते थे. उनकी विद्वता और विनम्रता हमेशा नज़र आती थी.”
