ज्योति सिन्हा सह संपादक
यूपी राजेपुर (फर्रुखाबाद)। पूर्णागिरि माता के दर्शन करके घर लौट रहे बाइक सवार को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। इससे सराफ पिता-पुत्री व भांजा घायल हो गए। घायलों को लोहिया अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टर ने पुत्री को मृत घोषित कर दिया। पिता व भांजे को रेफर कर दिया। इलाज के दौरान पिता ने भी दम तोड़ दिया।
फतेहगढ़ क्षेत्र के सेंट्रल जेल निवासी पारस बेटी दुर्गा का मुंडन संस्कार कराने रिश्तेदारों के साथ पूर्णागिरी गए थे। सोमवार तड़के तीन बाइकों और एक कार से परिजन और रिश्तेदार लौट रहे थे। शमसाबाद कस्बा निवासी सराफ रामकुमार (40) अपनी पुत्री अक्षरा (16) और सेंट्रल जेल निवासी भांजे शिवम सोनी (20) पुत्र राजेश सोनी बाइक से आ रहे थे। तीनों जैनापुर के पास पहुंचे ही थे तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। इससे तीनों घायल हो गए। रामकुमार हेलमेट लगाए थे, लिहाजा सिर के अलावा शरीर में गंभीर चोटें आईं।
घायलों को लोहिया अस्पताल भेजा गया। वहां डॉक्टर ने अक्षरा को मृत घोषित कर दिया। रामकुमार और शिवम को रेफर कर दिया। दोपहर में इलाज के दौरान रामकुमार ने भी निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। रामकुमार के फूफा राजेश सोनी ने बताया कि उनके पुत्र शिवम को आगरा रेफर किया गया है। मुंडन संस्कार से लौटते समय दुर्घटना हुई है। रामकुमार की पत्नी सरस्वती है। छोटा भाई उमेश सोनी है।
थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि घटना में पिता-पुत्री की मौत हुई है। दोनों का पोस्टमार्टम करवा दिया है। दुर्घटना करने वाला डंपर कब्जे में है। तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
