मितेश कुमार सिन्हा (प्रधान संपादक)यूपी फर्रुखाबाद। रेप की शिकार एक किशोरी ने बेटे को जन्म दिया। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। इस घटना के दो आरोपी जेल में हैं।
राजेपुर थाने के एक गांव निवासी 15 साल की किशोरी से गांव के ही हरिओम और राजा ने आठ माह पहले दुष्कर्म किया था। इसके बाद वह गर्भवती हो गई। परिजनों को सात माह बाद गर्भवती होने की जानकारी हुई। इस पर भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कराया था।
गर्भवती किशोरी को गर्भावस्था में लगने वाला एक भी टीका नहीं लगाया गया। बुधवार शाम प्रसव पीड़ा होने पर मां, भाई और अन्य रिश्तेदार महिलाओं ने उसे लोहिया महिला अस्पताल में भर्ती किया। पीड़िता ने बृहस्पतिवार की रात नौ बजे एक पुत्र को जन्म दिया। अस्पताल के डॉक्टरों ने किशोरी का सामान्य प्रसव करवाया है। सीएमएस डॉ. कैलाश दुल्हानी ने बताया कि जच्चा-बच्चा स्वस्थ हैं। सामान्य प्रसव करवाया गया है। स्वस्थ होने पर ही छुट्टी की जाएगी। फिलहाल दोनों पुलिस की निगरानी में हैं।
राजेपुर थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि फिलहाल पीड़िता अथवा परिजन ने डीएनए टेस्ट कराने के लिए उनसे नहीं कहा है। यदि पीड़िता चाहेगी, तो बच्चे का डीएनए टेस्ट कराया जाएगा।इसके बाद आरोपियों का भी डीएनए होगा।
जिला प्रोवेशन अधिकारी अनिल चंद्र ने बताया कि दुष्कर्म पीड़िताओं को उप्र रानी लक्ष्मीबाई सम्मान कोष से आर्थिक सहायता दी जाती है। इसमें तीन से 10 लाख रुपये तक की सहायता मिलती है। इसमें सीएमओ की जांच रिपोर्ट भी लगाई जाती है।
