
मितेश कुमार सिन्हा प्रधान संपादक

यूपी फर्रुखाबाद। महाकुंभ प्रयागराज से मंगाए गए त्रिवेणी संगम के जल की कलश स्थापना कारागार में हुई। पूजन अर्चन के बाद कारागार में निरुद्ध सभी धर्मों के बंदियों ने पवित्र जल से स्नान किया।

जिला कारागार फतेहगढ़ में संगम से लाए गए जल कलश की विधि-विधान से पूजा अर्चना व मंत्रोच्चरण के बाद बड़े कुंड में प्रवाहित किया गया। बंदियों ने हर-हर गंगे के उदघोष के साथ स्नान किया। जेलर नागेश सिंह ने बताया कि संगम जल स्नान कार्यक्रम में करीब 590 पुरुष और महिला बंदियों ने स्नान किया। केंद्रीय कारागार में भी निरुद्ध बंदियों को त्रिवेणी जल से स्नान के लिए कार्यक्रम रखा गया।


विशेष वाहक को भेजकर संगम से जल मंगवाया गया। प्रात: आठ बजे वैदिक मंत्रों के साथ संगम के जल का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। कारागार में बंदियों ने त्रिवेणी के पवित्र जल से स्नान किया, जिससे वे अभिभूत हो गए।

बंदियों ने शासन के इस कार्य की सराहना करते हुए इसे एक विशेष अवसर बताया। कार्यक्रम में न केवल बंदियों के मनोबल को बढ़ाया गया, बल्कि उन्हें धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से भी जोड़ा गया।

जेलर करुणेंद्र कुमार यादव, रविंद्र सिंह यादव, डिप्टी जेलर सुधाकर राय गौतम, कृष्ण कुमार, जयप्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे।

