सार :उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में जुमे की नमाज और होली का त्योहार सौहार्द और भाईचारे के साथ संपन्न हुआ। प्रशासन और स्थानीय नागरिकों की सूझबूझ से दोनों पर्व शांति से मनाए गए। हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल पेश करते हुए, लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं, जिससे पूरे देश को प्रेम और सद्भाव का संदेश मिला।
मितेश कुमार सिन्हा प्रधान संपादक
यूपी उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में शुक्रवार को जुमे की नमाज और होली के त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया गया। दोनों समुदायों के बीच प्रशासन और स्थानीय नागरिकों की सूझबूझ से कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। प्रशासन ने पहले ही धार्मिक नेताओं और क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों के साथ बैठक कर यह सुनिश्चित किया था कि दोनों पर्व शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हों।
प्रशासन और जनता का तालमेल:फर्रुखाबाद प्रशासन ने पहले से ही इसको लेकर पुख्ता इंतजाम किए थे। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में दोनों समुदायों के प्रमुख लोगों, पुलिस प्रशासन और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी ने इस बात पर सहमति जताई कि त्योहारों को प्रेम और भाईचारे के साथ मनाया जाएगा और किसी भी तरह की अफवाहों को फैलने नहीं दिया जाएगा।
होली और रमजान का अद्भुत संगम:इस साल होली का त्योहार रमजान के महीने के साथ पड़ा, जिससे यह और भी खास हो गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने रंगों के इस पर्व के प्रति सम्मान प्रकट किया, तो वहीं हिंदू समुदाय ने भी रोजेदारों की भावनाओं की कद्र करते हुए संयम और सद्भावना का परिचय दिया। शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान भी शहरभर में सौहार्द का माहौल देखने को मिला।
शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई जुमे की नमाज:शुक्रवार को फर्रुखाबाद की सभी प्रमुख मस्जिदों में जुमे की नमाज अदा की गई। शहर में प्रशासन की निगरानी में नमाज सकुशल संपन्न हुई। नगर में नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय मय पुलिस बल जनपद में ग्रस्त करते हुए देखे गए। इसके साथ ही कानून व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी भी जिले में भ्रमण करते हुए देखे गए, अपर जिलाधिकारी सुभाष चंद्र प्रजापति कानून व्यवस्था का मॉनिटरिंग कर रहे थे।नमाज के बाद मौलानाओं ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की और देश की एकता और अखंडता के लिए दुआ मांगी।


होली के जुलूस का स्वागत करते दिखे मुस्लिम भाई
शहर के विभिन्न हिस्सों में जब होली का जुलूस निकला, तो मुस्लिम भाइयों ने उनका स्वागत किया। कुछ जगहों पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने होली खेल रहे लोगों को गुलाब का फूल दिया और भाईचारे का संदेश दिया। वहीं, हिंदू समुदाय के लोगों ने भी रोजेदारों को इफ्तार के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रशासन ने सुरक्षा के किए पुख्ता इंतजाम
फर्रुखाबाद प्रशासन ने त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त सुरक्षा इंतजाम किए थे। पूरे जिले में पुलिस बल तैनात किया गया था। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से निगरानी की जा रही थी और हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर नजर रखी जा रही थी। पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शनी ने बताया कि जिले में पूरी तरह से शांति और सद्भाव बना रहा और किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई।
एकता का संदेश देते त्योहार
फर्रुखाबाद के लोगों ने इस बार होली और जुमे की नमाज को मिल-जुलकर मनाकर पूरे देश को यह संदेश दिया कि धर्म से पहले इंसानियत आती है। त्योहार आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक होते हैं, न कि वैमनस्यता का।
